मुख्य बाजार में ठेला लगाने पर प्रतिबंध, उल्लंघन पर जब्ती और चालानी कार्रवाई

सीहोर। दीपावली पर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, शहर के बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमडऩे लगी है। इस बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। प्रशासन ने अब भीड़ भाड़ वाले मुख्य बाजार में अव्यवस्था फैलाने वाले ठेला विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है।
नगर पालिका प्रशासन ने शुक्रवार से शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में किसी भी प्रकार के ठेले या हाथगाड़ी लगाने पर पूरी तरह मनाही कर दी है। आज गुरुवार को नगर पालिका की गाड़ी ने मुख्य बाजार में घूमकर लाउडस्पीकर से अलाउंसमेंट किया। ठेला संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई है कि शुक्रवार से यदि मुख्य बाजार क्षेत्र में ठेला पाया गया तो उसे तत्काल जब्त कर लिया जाएगा और नियमानुसार चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।
पर्व में बचे अब 10 दिन
दीपावली पर्व में अब महज 10 दिन का समय शेष रह गया है। पर्व के नजदीक आते ही शहर के बाजार में ग्राहकों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। मुख्य मार्गों और बाजारों में ठेले लगने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था, जिससे पैदल चलने वालों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सुविधा और भीड़ नियंत्रण के उद्देश्य से नगर पालिका प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। ठेले नहीं होने से मुख्य बाजार में खरीदी के लिए आने वाले लोगों को सुविधा होगी और यातायात जाम की समस्या से भी मुक्ति मिलेगी।