सीहोर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का स्वागत कल सोमवार को सीहोर के कांग्रेसी नेता एक अनूठे विरोध के रूप में करेंगे। स्वागत का यह कार्यक्रम असल में एक तंज है, क्योंकि हाल ही में जारी हुए फसल क्षति मुआवजे की लिस्ट में सीहोर जिलेक का नाम शामिल नहीं है। यह अनोखा विरोध राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के जन्मदिन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में देखने को मिलेगा।
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा का कल जन्मदिन है, जिसके उपलक्ष्य में बिलकिसगंज में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होने की चर्चा की है। इसी अवसर का लाभ उठाते हुए इछावर के कांग्रेस नेता बृजेश पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता शिवराज सिंह चौहान का स्वागत करेंगे।
मुआवजे पर सियासी वार
कांग्रेस नेताओं का यह स्वागत दरअसल सीहोर के किसानों की उपेक्षा को लेकर कर रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि हाल ही में प्रदेश के कई जिलों के लिए फसलों के नुकसान की मुआवजा राशि जारी की गई है, लेकिन किसानों के गढ़ माने जाने वाले सीहोर जिले को इस लिस्ट से बाहर रखा गया है। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि चूंकि शिवराज सिंह चौहान स्वयं कृषि मंत्री हैं, इसलिए जिले को मुआवजा न मिलने की जिम्मेदारी सीधे तौर पर उनकी बनती है।


