विधायक के जाते ही संस्कृति के मंच पर लगा ‘अश्लीलता’ का तडक़ा…

सीहोर। धर्म और संस्कृति के प्रतीक पर्व दशहरा महोत्सव पर बुदनी में हुए एक आयोजन ने विवाद खड़ा कर दिया है। दशहरा उत्सव के मंच पर अश्लील डांस होने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद हिन्दू उत्सव समिति की जमकर आलोचना हो रही है।
बुदनी के दशहरा मैदान पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में रावण दहन से पूर्व संस्कृति विभाग द्वारा बुक किए गए श्री चंद्र माधव बारीक ग्रुप भोपाल ने श्री हनुमान लीला की प्रस्तुति दी थी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बुदनी विधायक रमाकांत भार्गव थे। उनके साथ पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राजपूत और नगरपालिका अध्यक्ष सुनीता मालवीय ने भी लोगों को संबोधित किया। इस दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी मोबाइल के जरिए कार्यक्रम को संबोधित किया।
बताया जा रहा है कि रात 8.30 बजे रावण दहन होने के बाद और विधायक रमाकांत भार्गव के मंच से जाने के बाद कार्यक्रम का स्वरूप पूरी तरह बदल गया। पहले मुंबई की संजीवनी बेलेन्दे की प्रस्तुति हुई और फिर फिल्मी गानों पर महिला डांसरों ने देर रात तक जमकर ठुमके लगाए। यह रंगारंग कार्यक्रम शाम 5 बजे शुरू होकर रात 3 बजे तक चला।
गड़बड़ प्रस्तुति को 2 मिनट में रोका
वायरल हो रहे अश्लील डांस के वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर समिति ट्रोल हो रही है। बवाल बढ़ता देख हिन्दू उत्सव समिति बुदनी के अध्यक्ष सतीश गुप्ता ने सफाई पेश की है। श्री गुप्ता के अनुसार दशहरा उत्सव मंच पर अश्लील डांस नहीं कराया गया। उन्होंने स्वीकार किया कि जबलपुर के कलर्स म्यूजिकल ग्रुप इवेंट को बुलाया गया था, जिसकी महिला डांसरों ने प्रस्तुतियां दीं। अध्यक्ष ने कहा कि बीच में सिर्फ एक प्रस्तुति गड़बड़ हुई थी, जिसे 2 मिनट में ही रोक दिया गया।