सीहोर में पहली बार: देहदानी मनोहर महेश्वरी को मिलेगा राजकीय सम्मान, अस्पताल में गार्ड ऑफ ऑनर

04 sehore photo 01

सीहोर। जिले में मानवता की सेवा और अंगदान की दिशा में आज एक नया इतिहास रचा जाएगा। गल्ला मंडी निवासी समाजसेवी मनोहर महेश्वरी के निधन के बाद उनकी अंतिम इच्छा के अनुरूप उनकी देह का दान किया जा रहा है। मध्य प्रदेश सरकार के हालिया निर्णय के तहत सीहोर के इस दानवीर को आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी। यह सीहोर जिले का पहला मामला होगा, जिसमें किसी देहदानी को पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।
इंद्रा कॉलोनी गल्ला मंडी निवासी महेंद्र महेश्वरी ने बताया कि उनके पिता मनोहर महेश्वरी ने समाज सेवा के उद्देश्य से वर्ष 2014 में ही देहदान का मन बना लिया था। उन्होंने 19 अक्टूबर 2020 को इसके लिए विधिवत संकल्प पत्र भरा था। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे और बीती रात 3.18 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी मृत्यु के बाद शोकाकुल परिवार ने उनकी इच्छा को सम्मान देते हुए देहदान का निर्णय लिया।
सुबह 11.10 बजे दी जाएगी सलामी
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार राजकीय सम्मान की प्रक्रिया आज सुबह 11.10 बजे जिला चिकित्सालय परिसर में संपन्न होगी। यहां पुलिस का दस्ता शस्त्र झुकाकर स्व. महेश्वरी को सलामी देगा। इस सम्मान के पश्चात उनकी पार्थिव देह को मेडिकल कॉलेज के सुपुर्द कर दिया जाएगा, जहां यह चिकित्सा शिक्षा और शोध के काम आएगी।
क्या है सरकार का ऐतिहासिक निर्णय
देहदान और अंगदान के प्रति समाज की झिझक को खत्म करने और दानवीरों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक विशेष पहल शुरू की है।
घोषणा की तिथि: इस निर्णय की औपचारिक घोषणा 1 जुलाई 2025 को की गई थी। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को इसे अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश जारी किए थे।
राजकीय सम्मान: अब मध्य प्रदेश में मरणोपरांत देहदान या अंगों का दान करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का अंतिम संस्कार या विदाई राजकीय सम्मान के साथ की जाती है।
परिजनों को सम्मान: शासन ने प्रावधान किया है कि अंगदान/देहदान करने वाले व्यक्ति के परिजनों को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय पर्वों 26 जनवरी और 15 अगस्त पर सार्वजनिक मंचों से सम्मानित किया जाएगा।
गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा
शासन के निर्देशानुसान देहदानी को गार्ड ऑफ ऑनर देने का नियम हैं, उसी के अनुरूप में स्व. महेश्वरी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा है।
दीपक कुमार शुक्ला, पुलिस अधीक्षक सीहोर
हां यह पहला मामला है
देहदानी मनोहर महेश्वरी की मृत्यु के बाद गार्ड ऑफ ऑनर के लिए पुलिस विभाग को सूचित किया था। जिले में यह पहला मामला है।
डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया, सीएमएचओ सीहोर