सीहोर। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण जिले में भी ठिठुरन बढ़ गई है। गिरते तापमान और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर बालागुरू के. ने जिले के सभी विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव करने के निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में ठंड में हुई अत्यधिक वृद्धि को देखते हुए छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। अब सुबह की पाली में संचालित होने वाले सभी विद्यालय 6 जनवरी से सुबह 9.30 बजे से ही संचालित किए जाएंगे। यह आदेश आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा, ताकि बच्चों को सुबह की कड़ाके की ठंड और कोहरे से राहत मिल सके।
इन सभी पर लागू होगा आदेश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समय में बदलाव का यह फैसला केवल सरकारी स्कूलों के लिए नहीं है। यह आदेश जिले के भीतर संचालित होने वाले निम्नलिखित सभी संस्थानों पर अनिवार्य रूप से लागू होगा, जिनमें सभी शासकीय एवं अशासकीय, निजी विद्यालय, समस्त आंगनबाड़ी केंद्र, प्री.प्रायमरीए नर्सरी और केजी की कक्षाएं, कक्षा 1 से 12वीं तक की सभी शालाएं, केंद्रीय विद्यालय एवं सीबीएसई से संबद्ध समस्त स्कूल शामिल हैं।
लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
कलेक्टर बालागुरू के. ने जिला शिक्षा अधिकारी और संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में साफ कहा गया है कि यह निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। यदि कोई भी स्कूल प्रबंधन निर्धारित समय से पहले स्कूल खोलता पाया गया, तो उसके विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावकों ने जताई खुशी
पिछले दो-तीन दिनों से जिले में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। सुबह के समय कोहरे और शीतलहर के कारण छोटे बच्चों को स्कूल भेजने में पालकों को काफी परेशानी हो रही थी और उनके स्वास्थ्य का डर बना हुआ था। प्रशासन के इस निर्णय से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।


