भगवानपुरा तालाब पर नपा अमले का छापा, पानी चोरी करती चार मोटरें जब्त

19 sehore photo 12

  • सीहोर। जिले में कम वर्षा के कारण आगामी ग्रीष्म ऋतु में होने वाले संभावित जल संकट को देखते हुए कलेक्टर बालागुरू के. पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। कलेक्टर के सख्त निर्देश पर शुक्रवार को राजस्व और संसाधन विभाग की टीम ने भगवानपुरा तालाब पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान तालाब से अवैध रूप से पानी निकाल रही चार मोटरों को जब्त किया गया है।
    बीते दिनों आयोजित बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सीहोर नगर और आसपास के अधिकांश जलाशय केवल पेयजल आपूर्ति के लिए आरक्षित हैं। इन जलस्रोतों से सिंचाई या अन्य कार्यों के लिए पानी निकालना पूरी तरह प्रतिबंधित है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य इन जलाशयों के जल स्तर को सुरक्षित और संरक्षित रखना है ताकि शहरवासियों को गर्मी के दिनों में पेयजल की किल्लत का सामना न करना पड़े।
    कम बारिश ने बढ़ाई चिंता
    बता दें इस वर्ष औसत से कम बारिश होने के कारण जिले के जलाशयों में जलभराव की स्थिति चुनौतीपूर्ण है। कलेक्टर ने इसी को देखते हुए पेयजल संरक्षण को प्राथमिकता पर रखा है। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा है कि पानी चोरी रोकने के लिए किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
    निगरानी के लिए टीम गठित
    प्रशासन ने न केवल छापेमारी की है, बल्कि अब जिले के सभी प्रमुख जलाशयों पर लगातार निगरानी शुरू कर दी है। कलेक्टर के आदेश पर गठित विशेष टीमें समय-समय पर जलस्रोतों का निरीक्षण कर रही हैं। इससे पहले भी जिले के अन्य तालाबों से पानी चोरी में प्रयुक्त मोटरें जब्त की जा चुकी हैं।
    कलेक्टर की चेतावनी
    कलेक्टर बालागुरू के. ने जिलेवासियों और विशेषकर किसानों से अपील की है कि वे पेयजल के लिए आरक्षित स्रोतों का अवैध उपयोग न करें। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से मोटर पंप लगाकर पानी चोरी करते पाया गया तो मोटर जब्ती के साथ-साथ संबंधित के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई और एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।