प्रकाश पर्व की रौनक, सीहोर गुरुद्वारे में मत्था टेकेंगे पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान

सीहोर। सिख धर्म के संस्थापक गुरुनानक देव जी का प्रकाश पर्व आज जिले में पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर सीहोर के गंगा आश्रम स्थित गुरुद्वारे को रंगबिरंगी रोशनी और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है।
इस धार्मिक आयोजन का मुख्य आकर्षण यह है कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी आज गुरुद्वारे पहुँच रहे हैं।
जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सुबह 11 बजे गंगा आश्रम स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेकेंगे और पर्व के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। बताया गया है कि वे गुरुद्वारे परिसर में ही मीडिया से भी चर्चा करेंगे।
कीर्तन जारी
पर्व की शुरुआत बीती देर रात से ही श्रद्धालु गुरुवाणी और कीर्तन में शामिल होकर कर चुके हैं। गुरुद्वारे में सुबह से ही शबद कीर्तन, दीवान और अरदास के विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। गुरुनानक देव जी के सेवा के संदेश का पालन करते हुए, विशाल लंगर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।