सीहोर। लोक आस्था का महापर्व छठ नगर में भक्तिमय और धूमधाम भरे माहौल में मनाया गया। इस पावन अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व जिला पंचायत और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा सीवन नदी घाट पर आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए और भोजपुरी समुदाय के लोगों को पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
श्री अरोरा ने छठ पर्व के कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए कहा कि भोजपुरी समाज का छठ पर्व बेहद कठिन पर्वों में से एक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व भोजपुरी समाज के महिला और पुरुष दोनों द्वारा बड़े ही श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया जाता है। उन्होंने विशेष रूप से व्रती महिलाओं के 36 घंटे तक निराहार रहकर परिवार की खुशी और कल्याण के लिए पूजा पाठ करने की कठिन तपस्या की सराहना की।
संस्कृति को बताया जीवंत
श्री अरोरा ने बताया कि इस पर्व में व्रती जल, दूध और फूलों से डूबते सूर्य देव को अघ्र्य देते हैं और महिला हो या पुरुष, छठ व्रती दोनों पानी में खड़े होकर सूर्य देव की आराधना करते हैं। उन्होंने कहा कि सीहोर नगर में भी भोजपुरी समाज के लोग इस पर्व को पूरी आस्था और विश्वास के साथ मनाकर अपनी संस्कृति को जीवंत रखते हैं।
इस मौके पर भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा के साथ ही प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा भी मौजूद रहे। इस दौरान भोजपुरी समाज द्वारा श्री अरोरा का स्वागत और सम्मान भी किया गया।


