सीहोर। आज केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बिलकिसगंज आगमन पर सीहोर की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस नेता ब्रजेश पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री का स्वागत करने की रणनीति बनाई है, लेकिन यह स्वागत असल में सीहोर जिले के किसानों की उपेक्षा पर एक अनोखा और तंजपूर्ण विरोध होगा।
यह स्वागत कार्यक्रम राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में देखने को मिलेगा, जिसमें केंद्रीय कृषि मंत्री की शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का यह स्वागत सीहोर के किसानों को फसल क्षति मुआवजा राशि न मिलने की उपेक्षा को लेकर किया जा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि हाल ही में प्रदेश के कई जिलों के लिए मुआवजा राशि जारी की गई हैए लेकिन किसानों के गढ़ माने जाने वाले सीहोर जिले को इस लिस्ट से बाहर रखा गया है।
ब्रजेश पटेल की दो टूक, पुलिस प्रशासन अलर्ट
कांग्रेस नेता ब्रजेश पटेल की इस रणनीति को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है। पुलिस प्रशासन ने रास्ते में पटेल को रोककर उनसे उनकी रणनीति के बारे में जानकारी ली। इस पर ब्रजेश पटेल ने अपनी दो टूक बात रखी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से साफ कहा कि जैसा व्यवहार सत्ता पक्ष का हमारे साथ रहेगा, वैसा ही व्यवहार हम करेंगे।


