सीहोर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज जिले के दौरे पर रहेंगे, वे बिलकिसगंज में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे, जहां उनका फोकस कृषि और जन कल्याण पर रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री आज दोपहर 11.50 बजे बिलकिसगंज पहुंचेंगे।
श्री चौहान सबसे पहले मां महिषासुर मर्दनी मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद दोपहर 12.10 बजे वे माता मंदिर परिसर में पौधरोपण करेंगे। दोपहर बाद श्री चौहान कृषि उपज मंडी में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। दोपहर 1 बजे स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद प्रदर्शन स्थल पर पांच किसानों को प्रतीकात्मक रूप से बीज वितरण करेंगे। दोपहर 1.40 बजे कन्याओं का पूजन करेंगे और दोपहर 2 बजे कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कृषि मंत्री दोपहर 2.30 बजे भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे।


